बरेली हाइवे पर कार की टक्कर से ई रिक्शे के परखच्चे उडे, महिला की मौत, दस घायल
उपचार के दौरान हुई महिला की मौत

पीलीभीत। पीलीभीत बरेली हाईवे पर बुधवार शाम तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार बच्चों और महिलाओं समेत करीब 10 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। दो लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। इनमें एक महिला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। स्वजन ने पोस्टमार्टम के लिए इनकार कर दिया। हादसा शाम करीब चार बजे देवहा नदी के पुल के निकट हुआ। जहानाबाद क्षेत्र के गांव ढकिया नत्था के निवासी राकेश पुत्र शमशेर, उनका सात वर्षीय पुत्र रनवीर, ऊषा देवी पत्नी प्रेम बहादुर और दुर्गा देवी पत्नी विजय पाल की पहचान हुई है। इसके अलावा ई-रिक्शा में जमुना प्रसाद, पूरनपुर, विनीता, मायका देवी, लीलावती, पूजा, प्रज्ञा निवासी ढकिया नत्था, कार सवार मीनाज, अक्षरानूर तीन और आलम आठ वर्ष निवासी हाफिजगंज बरेली घायल हो गए। राकेश और लीलावती की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। लीलावती को लेकर स्वजन शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले गए, उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। दोनों वाहनों को कब्जे में लिए गए है। एक महिला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम के लिए इंकार कर दिया है।


