दो समुदाय के युवकों में विवाद के बाद पथराव, पुलिस फोर्स तैनात
सीओ सिटी ने की शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

पीलीभीत. शहर की मिली जुली आबादी वाले मोहल्ला मदीनाशाह इलाके में बुधवार देर रात दो समुदायों के युवकों के बीच हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। मारपीट के बाद एक समुदाय के युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर दूसरे समुदाय के युवक के घर पर धावा बोल दिया। घर के बाहर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना पर कोतवाली और सुनगढ़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीनाशाह में बुधवार रात मोहल्ला नखासा निवासी भूरा वाल्मीकि का मोहल्ला खैरुल्लाह शाह निवासी जावेद और मुशाहिद से किसी बात को झगड़ा हो गया था झगडे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया और घर भेज दिया। बताया जा रहा है कि इसके कुछ ही देर बाद भूरा वाल्मीकि अपने करीब 15 से 20 साथियों के साथ जावेद के घर पहुंच गया। आरोप है कि घर के बाहर गाली-गलौज की गई और ईंट-पत्थर फेंके गए। घटना की जानकारी मिलते ही दूसरे समुदाय के लोग भी मौके पर एकत्र होने लगे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सत्येंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर झगड़ा कर रहे युवक मौके से फरार हो गए। एहतियातन पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी भीड़ को हटवाया और आसपास की दुकानों को बंद करा दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की घटना के दौरान मारपीट और गाली-गलौज के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. जिसकी संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वहां अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मौके पर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.



