रात से ज्यादा दिन ठंडा, पारा @ 5° C, 10 को मिल सकती है राहत

पीलीभीत। मौसम के मिजाज में कोई बदलाव न होने के साथ ही सर्दी के तेवर तल्ख बने हुए हैं। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवा चलने से लोगों को अधिक सर्दी का एहसास होता रहा। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने नौ जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. शैंलेंद्र सिंह ढाका बताते हैं कि 9 जनवरी तक मौसम काफी ठंडा रहेगा। दिन में थोड़ी बहुत धूप निकलेगी, लेेकिन न्यूनतम पारा पांच से सात डिग्री के आसपास ही रहेगा।
पूरनपुर. क्षेत्र में गलन भरी ठंड से लोग परेशान रहे। बर्फीली हवा चलने की वजह से लोगों को सूर्य देव के दर्शन होने के बावजूद जनमानस को ठंड से राहत नहीं मिली। पूरे दिन ठंड का असर बना रहा, जिससे रोजमर्रा का काम करने वाले दैनिक मजदूर को सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ा।लोग जगह-जगह अलाव जलाकर तापते देखे गए। न्यूरिया में दिसंबर से लगातार बढ़ती ठंड का प्रकोप आमजन जीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। तापमान में निरंतर गिरावट और सर्द हवाओं के कारण विशेष रूप से बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
घने कोहरे और शीतलहर के चलते नगर में कोल्ड डायरिया और निमोनिया के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी जोर पकड़ चुकी है।




