यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम: हाईस्कूल में चमके प्रांजल, यश व युवराज; इंटरमीडिएट में दर्शिका ने किया टॉप
– ओवरऑल रिजल्ट में जिले का निराशाजनक प्रदर्शन
– हाईस्कूल में 74वें, तो इण्टरमीडिएट में 60वें स्थान पर रहा पीलीभीत
@सुमित सक्सेना
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित हो गया। पीलीभीत में हाईस्कूल कक्षा में कुल पंजीकृत 23453 में से 22139 बच्चों ने परीक्षा दी, जिसमें से 18102 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में जिले के कुल 81.77 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट में कुल पंजीकृत 19903 में 19286 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें से 14743 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट का ओवरऑल रिजल्ट 76.44 प्रतिशत रहा। परीक्षा के लिए कुल 70 केंद्र बनाए गए थे।
हाईस्कूल में जिले के तीन छात्रों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज के प्रांजल मौर्या, चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर के यश प्रजापति व सरस्वती विद्या मंदिर बीसलपुर के युवराज ने 600 में से 566 (94.30 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर जनपद में संयुक्त रूप से टॉप किया। बिलसंडा स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्या मंदिर की कृति गोस्वामी ने 565 अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा व सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज की छात्रा अक्षरा ने 564 अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान पाया है। जिले की टॉप टेन मेरिट सूची में हाईस्कूल के 14 बच्चों ने स्थान हासिल किया, जिसमें सात छात्राएं शामिल हैं।

वहीं, इंटरमीडिएट कक्षा में गुरुनानक इंटर कॉलेज मुण्डलिया भैंसहा की छात्रा दर्शिका शर्मा ने 1000 में से 933 (93.3 प्रतिशत) अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पूरनपुर की छात्रा प्रियांशी देवी ने 500 में से 457 अंक हासिल कर जिले में दूसरे व ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज के ऋषभ भास्कर ने 1000 में से 900 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया है। इंटरमीडिएट की टॉप टेन मेरिट लिस्ट में शामिल कुल 12 छात्र-छात्राओं में पांच लड़कियों ने नाम रोशन किया।



