गर्मी में राहगीरों को राहत: पीलीभीत में ई-रिक्शा वाटर कूलर जलसेवा शुरू

– गर्मी को देखते हुए नगर पालिका की सकारात्मक पहल
पीलीभीत। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल की पहल पर शहर में वाटर कूलर से लैस ई-रिक्शा जल सेवा शुरू की गई। इस अभिनव पहल का उद्घाटन जनपद के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने हरी झंडी दिखाकर किया।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक चरण में चार ई-रिक्शा शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित किए गए हैं, जो दिनभर घूम-घूमकर राहगीरों को ठंडा पानी उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी के दौरान आमजन, खासकर मजदूर, रिक्शा चालक और राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। प्रत्येक ई-रिक्शा पर महिला कर्मचारी तैनात की गई हैं, जो लोगों को पानी पिलाने का कार्य करेंगी। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास गर्मी के मौसम में आमजन को बड़ी राहत देते हैं और अन्य नगर निकायों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, रेखा सिंह परिहार, इंद्रेश सिंह चौहान, सभासद साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, जगन्नाथ लोधी, पंकज तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर पालिका की इस पहल को शहरवासियों ने भी सराहा है और इसे गर्मी के मौसम में एक सराहनीय कदम बताया है।




