बृजेश फिर बने पूरनपुर राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष, विनय महामंत्री

पीलीभीत। पूरनपुर स्थित केटी राइस मिल परिसर में मंगलवार को पूरनपुर राइस मिलर एसोसिएशन की बैठक एवं नवीन कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न हुए। सर्वसम्मति से ब्रजेश गुप्ता को एक बार फिर एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया, जबकि विनय गुप्ता को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। सचिन गुप्ता को कोषाध्यक्ष, लकी खंडेलवाल को वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अजमेर सिंह छीना को संरक्षक चुना गया।
कार्यक्रम पश्चिमी राइस मिलर एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं शाहजहांपुर-पीलीभीत के विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूती के साथ राइस मिलरों के हितों में कार्य करने का आह्वान किया और नई टीम के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इससे पूर्व एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता के जन्मदिवस के अवसर पर राइस मिलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भव्य आयोजन किया। डॉ. सुधीर गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचकर सभी का स्नेह स्वीकार किया और आयोजन के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार जताया। इस दौरान पदाधिकारियों और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नवनिर्वाचित कार्यकारिणी एवं डॉ. सुधीर गुप्ता को जन्मदिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष एवं राइस मिलर शैलेंद्र गुप्ता, नगर अध्यक्ष हर्ष प्रधान, हर्ष गुप्ता, रजनीश पांडेय, अमरजीत सिंह समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।




