
लखनऊ।
प्रदेश की योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार कल संभावित है। शनिवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल से लौटने के बाद राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। सूत्रों के हवाले से मिल रही खबरों के मुताबिक महेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, आशा मौर्या, पूजा पाल, राम चन्दर प्रधान समेत 8 मंत्रियों को मंत्रिमंडल शामिल किया जायेगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए दो मंत्रियों को बाहर किया जा सकता है व एक राज्यमंत्री का कद बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा लंबे समय से चल रही है। इस दौरान संघ से लेकर संगठन तक मंत्रियों के कामकाज का फीडबैक लिया गया है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पदाधिकारियों व वरिष्ठ नेताओं के बीच कई दौर की वार्ता लखनऊ से लेकर दिल्ली तक की गई है। पिछले दिनों दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और बृजेश पाठक ने भी दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जिसको लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म रहा। फिलहाल विधानसभा चुनाव 2027 से पहले संभावित आखिरी मंत्रिमंडल विस्तार में जातीय समीकरण साधने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।




