सीएम योगी के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव लगेगी चौपाल; छह अधिकारियों को सौंपी गई 27 गांवों की जिम्मेदारी
24 से 26 जून तक लाभार्थी संतृप्तिकरण, शिकायत निस्तारण और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी जाएगी

पीलीभीत।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित पीलीभीत दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने आधा दर्जन जिला स्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग गांवों की जिम्मेदारी सौंपते हुए निर्देश दिए हैं कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तहसील बीसलपुर के विकास खंड बरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पतरसिया कुंवरपुर में प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर पतरसिया कुंवरपुर सहित आसपास के 27 गांवों में विशेष चौपालों का आयोजन कराया जाएगा। इन चौपालों में योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराने के साथ-साथ ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण भी किया जाएगा।
प्रशासन ने इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों को गांववार जिम्मेदारी सौंपी है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी बीसलपुर, जिला विकास अधिकारी तथा डीसी मनरेगा को अलग-अलग गांवों में चौपाल आयोजित करने और समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
24, 25 और 26 जून को निर्धारित गांवों में अधिकारियों की मौजूदगी में चौपालें लगेंगी। इस दौरान आयुष्मान कार्ड, राशन, पेंशन, आवास, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, विद्युत, राजस्व और अन्य योजनाओं की प्रगति का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभ दिलाने और लंबित शिकायतों के समाधान पर विशेष जोर रहेगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों सहित मौके पर उपस्थित रहने तथा चौपालों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन गांवों में लगेगी विशेष चौपाल
- पतरसिया कुंवरपुर
- मुढ़िया कुंडेरी
- शेरगढ़
- डंडिया लच्छी
- भैसई पतेवरपुर
- गैरहसा दातागंज
- सूरजपुर ज. सिंह समेत आसपास के अन्य गांव




