महिला अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा: पेशेंट हेल्पर ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल, मचा हड़कंप, सीओ सिटी मौके पर
सिंगापुर भेजने के नाम पर लाखों रुपये फंसने का आरोप, सहकर्मी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम; पुलिस जांच में जुटी

पीलीभीत।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध महिला अस्पताल (एमसीएच विंग) में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टीकाकरण कक्ष में तैनात एक महिला पेशेंट हेल्पर ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार एमसीएच विंग के टीकाकरण कक्ष में पेशेंट हेल्पर मीना और सुनीता पिछले कई वर्षों से कार्यरत हैं। लंबे समय तक साथ काम करने के कारण दोनों के बीच पारिवारिक संबंध जैसे विश्वास बन गए थे। बताया जा रहा है कि सुनीता का बेटा पढ़ाई के लिए सिंगापुर गया था। इससे प्रेरित होकर मीना ने भी अपने बेटे को विदेश भेजने की तैयारी शुरू की। इसके लिए उसने बेटे को देहरादून में आईईएलटीएस (IELTS) की कोचिंग कराई और बाद में सिंगापुर भेज दिया।
आरोप है कि सिंगापुर में दाखिला दिलाने के नाम पर मीना ने सुनीता के बेटे के खाते में बड़ी रकम भी ट्रांसफर की, लेकिन उसके बेटे का प्रवेश नहीं हो सका। मीना का आरोप है कि अब सुनीता का बेटा उसके फोन तक नहीं उठा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।
इसी तनाव के बीच शुक्रवार सुबह दोनों महिला कर्मियों के बीच टीकाकरण कक्ष में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद मीना ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सीओ सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


