पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को नई पहचान देने वाली डॉ. संगीता अनेजा को बुलंदशहर की कमान
ढाई वर्ष के कार्यकाल में शुरू कराए डीएनबी व पैरामेडिकल कोर्स, 200 बेड अस्पताल का संचालन भी हुआ शुरू

पीलीभीत।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा का शासन ने स्थानांतरण कर उन्हें स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, बुलंदशहर का प्राचार्य नियुक्त किया है। वहीं प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज का नया कार्यवाहक प्राचार्य बनाया गया है।
डॉ. संगीता अनेजा ने 27 जनवरी 2024 को पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के पहले पूर्णकालिक प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाला था। करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने एक नवस्थापित मेडिकल कॉलेज को शैक्षणिक और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया। उनके नेतृत्व में एमबीबीएस के दो बैचों में प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। साथ ही कॉलेज में डीएनबी एवं पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की शुरुआत हुई, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिले।

उनके कार्यकाल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि 200 बेड के चिकित्सालय का संचालन शुरू होना रही, जिससे जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने लगीं। मेडिकल कॉलेज के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक गतिविधियों को गति देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डॉ. संगीता अनेजा के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। स्थानांतरण पर डॉ. संगीता अनेजा ने कहा कि पीलीभीत में उनका कार्यकाल बेहद संतोषजनक रहा। उन्होंने कहा, “नए मेडिकल कॉलेज को उसकी क्षमताओं के अनुरूप विकसित करने का पूरा प्रयास किया। हमारे कार्यकाल में एमबीबीएस के दो बैचों का प्रवेश हुआ, डीएनबी और पैरामेडिकल पाठ्यक्रम शुरू हुए तथा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ। शासन ने अब नई जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करूंगी।”
मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों और जिले के लोगों ने उनके कार्यकाल को संस्थान की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण दौर बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




