भारत विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने सेवा कार्यों से अवगत कराया
पूरनपुर के संजय गांधी पार्क में पौधारोपण भी किया

पूरनपुर। भारत विकास परिषद की पूरनपुर गोमती शाखा की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें रूहेलखंड पूर्व प्रांत के वरिष्ठ पदाधिकारियो ने पहुंचकर पूरनपुर शाखा के पदाधिकारी और सदस्यों को परिषद के उद्देश्य और क्रियाकलापों की जानकारी दी।
नगर पालिका सभागार में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में नगर पालिका के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वह पूरनपुर में भारत विकास परिषद के संस्थापक अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने परिषद की गतिविधियों और कार्यक्रमों में आगे भी सहयोग करते रहने का भरोसा दिया। इस कार्यशाला में प्रांतीय अध्यक्ष सुधीर गुप्ता ने परिषद के प्रोटोकॉल और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यों को बताया कि किस तरह बैठक का आयोजन किया जाए और उसकी क्या रूपरेखा होती है। उसके क्या नियम कायदे होते हैं जिसके तहत कार्यक्रम और बैठक आयोजित की जाती है। प्रांतीय महासचिव डॉक्टर अनिल सक्सेना, संरक्षक केबी अग्रवाल, जिला समन्वयक एसपीएस संधू और प्रांतीय संपर्क प्रमुख डॉ विनय गुप्ता ने भी भारत विकास परिषद के उद्देश्य और इसके पांच सूत्र संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के आधार पर कार्य करने की जानकारी दी। इस कार्यशाला के माध्यम से गुरु वंदन छात्र अभिनंदन और राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता सहित कई सेवा कार्यों को कैसे किया जाए इसके बारे में भी बताया गया। पूरनपुर शाखा के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने सभी बाहर से आए वरिष्ठ पदाधिकारियों का स्वागत किया। महिला सहभागिता प्रमुख संगीता सिंगला ने सभी अतिथियों का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि पूरनपुर शाखा संगठन के उद्देश्यों पर खरा उतारते हुए कार्य करती रहेगी। अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित पूरनपुर शाखा की तरफ से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस कार्यशाला का संचालन सचिव अनिल शुक्ला ने किया। इसमें प्रमुख रूप से वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा, कोषाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, डा. यूआर मीत, जोगराज सिंह, डॉक्टर प्रशांत गुप्ता, ऋषभ अग्रवाल, प्रबल श्रीवास्तव, अंकुश खंडेलवाल, विवेक वर्मा, पूर्व अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, राज किशोर, राकेश, प्रतीक खंडेलवाल सहित कई प्रमुख सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला के बाद में भारत विकास परिषद की तरफ से नगर के संजय गांधी पार्क में फल और छायादार पौधों का रोपण भी किया गया। इस पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश प्रांत पदाधिकारियों ने दिया।




