घरेलू क्लेश में ससुर ने चाकू से किया दामाद की हत्या का प्रयास
पेट में घोंपे चाकू, अस्पताल में भर्ती कराया
पीलीभीत। शहर के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र में रविवार को पारिवारिक कलह के चलते ससुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही दामाद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इससे उसके पेट पर चार घाव आए है। पुलिस ने घायल दामाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि आरोपित ससुर फरार है।
शहर के रेलवे फाटक रामलीला क्षेत्र के निवासी मनोज कुमार वर्मा का अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग आकर लक्ष्मी अपने मायके, कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलगवां चली गई थी। रविवार सुबह लक्ष्मी अपने मायके से वापस ससुराल पहुंची थीं। लक्ष्मी के घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसका पिता चंद्रसेन अपने साथ करीब एक दर्जन लोगों को लेकर दामाद मनोज के घर पहुंच गया।घायल को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में कराया गया भर्ती
घर के भीतर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। ससुर चंद्रसेन ने चाकू निकाला और मनोज के पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मनोज के पेट पर चार गहरे घाव हुए हैं, इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। स्वजन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मनोज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी नरेश त्यागी का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।




