
पीलीभीत. प्रदेश के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता हेमराज वर्मा आज लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले, इस दौरान दोनों नेताओं की लंबी वार्ता हुई इसी के साथ पूर्व मंत्री श्री वर्मा एक बार फिर भाजपा छोड़कर अपनी पुरानी पार्टी सपा में वापसी कर रहे हैं. अखिलेश यादव के साथ उनके फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. जिले में पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां फूल बाबू के बसपा छोड़कर सपा में शामिल होने के बाद यह दूसरा धमाका है. जिले की सियासत में यह एक अहम संकेत माना जा रहा है. हेमराज वर्मा के सपा में शामिल होने से भाजपा को करारा झटका लगा है क्योंकि श्री वर्मा को लोध किसान बिरादरी का मजबूत नेता माना जाता है. राजनीतिज्ञ पंडितों के मुताबिक श्री वर्मा सदर विधानसभा सीट के टिकट की दावेदारी कर सकते हैं, ऐसे में अब सदर सीट के लिए समाजवादी पार्टी के पास दो मजबूत दावेदार हैं. क्योंकि वोटो के गणित के अनुसार फूल बाबू भी बीसलपुर विधानसभा छोड़कर सदर विधानसभा से चुनाव लड़ना चाहते हैं. अब देखना है कि पार्टी हाईकमान इन दोनों दिग्गज नेताओं में से किसको अपना प्रत्याशी बनता है जबकि सपा के पास पहले से ही जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी, युसूफ कादरी सरीखे नेता टिकट के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं. राजनीतिज्ञ विशेषज्ञों के मुताबिक मुस्लिम बाहुल्य सदर विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री स्व हाजी रियाज अहमद को 20 से 25000 हिंदू वोट मिलता था, इसलिए वह भाजपा पर भारी पड़ते थे, अब आज के राजनीतिक समीकरण में मुस्लिम दावेदारों को इतने हिंदू वोट मिलना बहुत मुश्किल माना जा रहा है, ऐसे में श्री वर्मा को अगर शहर विधानसभा सीट से टिकट दिया जाता है तब वह भाजपा के सामने मुश्किलें पैदा कर सकते हैं. ध्यान रहे की लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री श्री वर्मा ने समाजवादी पार्टी छोड़ दी थी और वह भाजपा में शामिल हो गए थे भाजपा ने लोकसभा चुनाव में उनका भरपूर उपयोग किया और इसके बाद में हांसिए पर पहुंच गए थे और खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे थे. @ रिपोर्ट यूपी न्यूज.



