दिशा की बैठक में जितिन ने कई अफसरों की बिगाड़ दी दशा
एक्सईएन पीडब्ल्यूडी, सीएमओ, डिप्टी आरएमओ की ली क्लास

पीलीभीत. जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की गुरुवार को गांधी सभागार में हुई बैठक में सर्वप्रथम
आयुष्मान कार्ड की प्रगति रिपोर्ट न देने पर सीएमओ जीबी पंत की क्लास ली गई, इस दौरान सीएमओ बगले झांकते दिखाए दिए. इसके बाद लोक निर्माण विभाग के कार्य अधूरे होने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रोन्नत अधीक्षण अभियंता राजेश चौधरी की जमकर लताड लगाई गई, और सुधार के निर्देश दिए. इसके बाद क्षेत्रीय भाजपा विधायक बाबूराम पासवान की फोन न उठाने व पूरनपुर से गायब रहने की शिकायत पर विद्युत विभाग पूरनपुर के अधिशासी अभियंता हरेंद्र सिंह को जब तलब किया गया तब वे बैठक में न होकर बाहर बैठे थे, और उनके स्थान पर एसडीओ मोहित गुप्ता मौजूद थे जिस पर अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार को उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए. इसके बाद धान खरीद केंद्रों के ठेकों में फर्जीवाडे का मामला जन प्रतिनिधियों ने उठाया. कहा कि बिना समाचार पत्रों में टेंडर प्रकाशित कराए, गुपचुप ढंग से धान खरीद केंद्रों के हैंडलिंग और ट्रांसपोर्टेशन के ठेके दिए जा रहे हैं जिस पर बैठक में मौजूद डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा शर्मा की क्लास ली गई. इस दौरान टेंडर प्रक्रिया के प्रकाशन की सही जानकारी न देने पर जिला सूचना अधिकारी को भी अपने कार्यालय जाकर वापस आकर सही जानकारी देने की बात कही. सांसद श्री प्रसाद ने धान खरीद के ठेकों में गड़बड़ी न होने के साफ निर्देश दिए. इसके बाद बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार भी सांसद के निशाने पर रहे. बाढ़ नियंत्रण कार्य समय से पूरे ना होने व कटान होने पर उनकी क्लास ली गई. इस दौरान डीएम ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सुकृति माधव,एडीएम एफआर प्रसून द्विवेदी, एडीएम न्यायिक रोशनी यादव, सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर दलजीत कौर, शारदा सागर खंड के अधिशासी अभियंता पीपी गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष डा. आस्था अग्रवाल, मझोला नगर पंचायत अध्यक्ष निशांत प्रताप सिंह, देव स्वरूप पटेल, प्रफुल्ल मिश्रा आदि मौजूद रहे.




