2440 दिनों की सेवा, अनगिनत मरीजों का भरोसा; डॉ. रमाकांत सागर को सीएमओ बनने पर भावभीनी विदाई
अमरोहा का सीएमओ बनने पर जिला अस्पताल में सम्मान समारोह, पत्नी सहित किया गया सम्मानित

@सुमित सक्सेना, पीलीभीत।
जनपद के वरिष्ठ फिजीशियन एवं जिला पुरुष अस्पताल के निवर्तमान सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अमरोहा नियुक्त होने पर जिला अस्पताल सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा एवं सीएमएस डॉ. एस.पी. सिंह ने डॉ. सागर एवं उनकी पत्नी को प्रतीक चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्टों एवं अन्य सहयोगियों ने डॉ. सागर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि डॉ. रमाकांत सागर ने 1 अक्टूबर 2019 को जिला अस्पताल में बतौर फिजीशियन कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद 12 जुलाई 2024 को उन्हें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) का प्रभार सौंपा गया। पीलीभीत में अपने लगभग 2440 दिनों के कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक कुशल चिकित्सक और प्रशासक के रूप में पहचान बनाई।

कोरोना काल के चुनौतीपूर्ण दौर में डॉ. सागर ने जिले में प्रमुख फिजीशियन के रूप में दिन-रात मरीजों की सेवा की। मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सहज उपलब्धता और समर्पित कार्यशैली ने उन्हें जिलेभर में विशेष पहचान दिलाई। यही कारण रहा कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों के बीच भी उनकी लोकप्रियता बनी रही।
प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने कहा कि डॉ. सागर ने बतौर फिजीशियन और सीएमएस दोनों भूमिकाओं में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अमरोहा को एक सक्षम सीएमओ के साथ-साथ एक उत्कृष्ट फिजीशियन भी मिला है। उन्हें विश्वास है कि डॉ. सागर नई जिम्मेदारी में भी बेहतर कार्य करेंगे।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव सक्सेना ने कहा कि डॉ. सागर ने अपने पूरे कार्यकाल में दिन-रात की परवाह किए बिना मरीजों और अस्पताल के लिए कार्य किया। उनका समर्पण अन्य चिकित्सकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इस दौरान महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार, डॉ. संजीव सक्सेना, डॉ. वी.के. वर्मा, डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, डॉ. सुरभि सिंह, डॉ. नीता सक्सेना, डॉ. अक्षत पांडेय, डॉ. शालिनी त्रिपाठी, फार्मासिस्ट के.सी. मिश्रा, अनिल मिश्रा, अस्पताल मैनेजर डॉ. पायस राज वर्मा, डेंटल हाइजिनिस्ट आर.एन. शर्मा, साइकोथेरेपिस्ट डॉ. पल्लवी सक्सेना, लैब टेक्नीशियन दिग्विजय आर्या, कनिष्ठ सहायक रवि कुमार, श्रीकृष्ण, विद्युत कांट्रेक्टर सुरेंद्र कुमार, हेल्प डेस्क मैनेजर राजेश कुमार, हेल्प डेस्क ऑपरेटर शितरंजय यादव, नर्सिंग इंचार्ज अरुणा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सहायक अमित मिश्रा ने किया। उपस्थित सभी लोगों ने डॉ. रमाकांत सागर को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की सराहना की।



