पीलीभीत से गरजे योगी: ‘No Danga, No Curfew… अब यूपी में सब चंगा’
पूर्वी पाकिस्तान से आए विस्थापित परिवारों को सौंपे भौमिक अधिकार प्रमाण-पत्र, कांग्रेस और सपा पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री, 569.11 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया

सुमित सक्सेना, पीलीभीत।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बरखेड़ा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने पूर्वी बंगाल (अब बांग्लादेश) से विस्थापित होकर पीलीभीत पहुंचे हजारों परिवारों को भौमिक अधिकार (भूमि स्वामित्व) के प्रमाण-पत्र वितरित किए और कहा कि अब दुनिया की कोई ताकत इन्हें उनकी जमीन से बेदखल नहीं कर सकती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 55-56 वर्ष पहले धार्मिक उत्पीड़न के कारण पूर्वी बंगाल से निकाले गए हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध परिवार दशकों से अपने अधिकारों के लिए भटक रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज उन्हें सम्मानपूर्वक भूमि का मालिकाना हक मिला है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण-पत्र केवल कागज नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के लिए ‘पुनर्जीवन’ का दस्तावेज है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों के करीब 15 हजार लोग इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। बाराबंकी, बिजनौर और रामपुर के बाद अब पीलीभीत में प्रथम चरण की प्रक्रिया संपन्न हो रही है। जिन मामलों में वन विभाग एवं भारत सरकार की अनुमति लंबित है, उन्हें भी जल्द अधिकार दिलाए जाएंगे।
कांग्रेस पर विभाजन का ठीकरा, सपा पर तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का विभाजन कांग्रेस की सत्ता लोलुपता का परिणाम था। यदि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व दृढ़ता दिखाता तो भारत का विभाजन नहीं होता और लाखों हिंदुओं को अपने घर छोड़कर शरणार्थी नहीं बनना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इन विस्थापित परिवारों की कभी सुध नहीं ली। योगी ने कहा कि अगर जिन्ना अपनी मौत मर गया होता तो भारत का दुर्भाग्यपूर्ण विभाजन नहीं होता और हिंदुओं का कत्लेआम नहीं होता।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों ने तुष्टिकरण की राजनीति की। उन्होंने कहा कि इन दलों को गरीब, दलित और पिछड़े समाज की चिंता कभी नहीं रही।
“बबुआ 12 बजे उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे, 5 बजे जिम चले जाएंगे”
समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उन्हें गरीबों की सुध तब आएगी, जब बबुआ को समय पर उठने की आदत होगी। 12 बजे उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे और 5 बजे जिम चले जाएंगे। ऐसे लोगों के पास गरीब, किसान और विस्थापित परिवारों के लिए समय कहां है।” उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व के लिए विकास का मतलब केवल सैफई और परिवार तक सीमित रहा, जबकि उनकी सरकार प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रही है।
“साइकिल चलेगी तो दंगा होगा”
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया खुलेआम घूमते थे, व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी, बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी और सार्वजनिक भूमि पर कब्जे होते थे। उन्होंने कहा कि आज जिन जमीनों पर गौशालाएं बनी हैं, उन पर पहले सपाइयों का कब्जा था। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश की जनता ने साइकिल को पंचर करके चलने लायक नहीं छोड़ा। अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा, गुंडागर्दी होगी और गरीबों की जमीनों पर कब्जा होगा।”
“No Danga, No Curfew… अब यूपी में सब चंगा”
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं होते। उन्होंने मंच से कहा, “No Danga, No Curfew… अब यूपी में सब चंगा।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार व्यापारियों, बहन-बेटियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा अपराधियों को संरक्षण देने का सवाल ही नहीं उठता।
समाजवादी कट्टा बनाते थे, हम ब्रह्मोस बना रहे
मुख्यमंत्री ने सपा के शासन पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी व्यापारियों को लूटने के लिए कट्टा बनाते थे। मुख्यमंत्री बोले, उत्तर प्रदेश में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसी हिन्दू को विस्थापित न होना पड़े, इसलिए लखनऊ के डिफेंस मैनिफक्करिंग हब में ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं, जब ब्रह्मोस पाकिस्तान में दगती है तो बाप-बाप चिल्ला उठता है।
प्रगति का आधार गति, पीलीभीत में बढ़ेगी रफ्तार
अपने भाषण में योगी ने कहा कि प्रगति का आधार गति है और गति के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर चाहिए, जो हम दे रहे हैं। शामली से गोरखपुर होते हुए सिलीगुड़ी तक बनने वाले आर्थिक कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे पीलीभीत भी विकास की नई धारा से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बुलेट ट्रेन की गति से विकास कार्य कर रही है और विरासत के सम्मान के साथ हर व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने जनता से जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर जनता के साथ खड़ी है।




