पीलीभीत पुलिस ने बुलेट मोटरसाइकिलों के साइलेंसर उतरवाकर रोलर चलवाया
पुलिस के कार्य की हो रही सराहना

पीलीभीत. पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव मिश्रा के निर्देशन में जनपदीय यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध संघन जांच की गई, जिसमें बुलेट मोटरसाइकिल से अत्यधिक शोर उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। जब्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसरों को यातायात पुलिस द्वारा नियमानुसार सार्वजनिक रूप से बुलडोजर द्वारा नष्ट किया गया, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में कानून के प्रति जागरूकता एवं अनुशासन की भावना विकसित हो तथा भविष्य में इस प्रकार के अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर पर प्रभावी रोक लगाई जा सके ।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनाधिकृत मॉडिफिकेशन न कराएं तथा निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें । मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण का कारण बनते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुविधा एवं शांति भी प्रभावित करते हैं।
जनपदीय यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार लगातार अभियान चलाकर वैधानिक कार्यवाही की जाती रहेगी ।




