डॉ. आलोक बने साचीज के महाप्रबंधक, डॉ. रमाकांत सागर को मिली अमरोहा सीएमओ की जिम्मेदारी

@सुमित सक्सेना, पीलीभीत।
शासन ने रविवार दोपहर कई जिलों के सीएमओ का फेरबदल किया है। जनपद पीलीभीत में तैनात दो वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आलोक कुमार को राज्य स्वास्थ्य अभिकरण (साचीज) का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है। वहीं जिला पुरुष चिकित्सालय के प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. रमाकांत सागर को अमरोहा का नया सीएमओ बनाया गया है।
डॉ. आलोक कुमार ने 7 दिसंबर 2021 को जनपद के सीएमओ के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने अपनी कार्यशैली और जनसरोकारों के कारण विशेष पहचान बनाई। मरीजों की समस्याओं के समाधान और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए उनकी सक्रियता की व्यापक सराहना हुई। सेवानिवृत्ति से करीब तीन माह पूर्व उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। साचीज वह संस्था है, जिसके माध्यम से प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना एवं अन्य स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का संचालन किया जाता है।
वहीं डॉ. रमाकांत सागर ने 1 अक्टूबर 2019 को उत्तराखंड से स्थानांतरण के बाद जिला अस्पताल में फिजिशियन के रूप में कार्यभार संभाला था। 12 जुलाई 2024 को उन्हें प्रभारी सीएमएस की जिम्मेदारी दी गई थी। कोरोना काल में उन्होंने इकलौते फिजीशियन के तौर पर मरीजों की दिन-रात सेवा की। करीब सात वर्षों के दौरान उन्होंने मरीजों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। उनके मृदु व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण की लोग विशेष रूप से सराहना करते हैं।
इधर, शासन ने डॉ. भुवन चंद्र पंत को जनपद का नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया है।




