टॉप न्यूज़देशयुवायूपीराज्यलोकल न्यूज़

योगमय हुआ गांधी स्टेडियम, सामूहिक योगाभ्यास के लिए जुटे हजारों लोग

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, मंत्री से लेकर अफसरों ने किया योग

✍️सुमित सक्सेना, पीलीभीत।

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर स्थित गांधी स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के गन्ना एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, मंडलायुक्त बरेली भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में लाइव प्रसारण के माध्यम से पश्चिम बंगाल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं झांसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन उपस्थित लोगों को सुनाया गया।

जिला योग आइकॉन सीए संजय अग्रवाल के निर्देशन में भारतीय योग संस्थान के प्रशिक्षकों ने हजारों प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान ताड़ासन, कटिचालन, घुटना चालन, भुजंगासन, शलभासन, वज्रासन, उत्तानपादासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवन चंद्र पंत, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) प्रसून द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, एसडीएम पवन सिंह, डीसी मनरेगा अनामिका सिंह, बीएसए रोशनी सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. भारत ज्योति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

मुस्तैद पुलिस फोर्स की चाक-चौबंद व्यवस्था

योग दिवस कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। स्टेडियम परिसर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई थी, जबकि प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। हजारों लोगों की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु रही और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

योग के बाद मिला स्प्राउट्स और छाछ

कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए प्रशासन की ओर से जलपान एवं पेयजल की व्यवस्था की गई थी। तेज धूप और गर्मी को देखते हुए टेंट लगवाए गए। योगाभ्यास के उपरांत प्रतिभागियों को भारतीय योग संस्थान एवं प्रशासन के सहयोग से स्प्राउट्स और छाछ वितरित की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!