टॉप न्यूज़देशयूपीराज्यलोकल न्यूज़

पीलीभीत में 109वां प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र शुरू, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेंगे सहायक उपकरण

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने दिल्ली से वर्चुअली किया उद्घाटन, पारदर्शी वितरण और नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

सुमित सक्सेना, पीलीभीत।

जिले में दिव्यांगजनों व बुजुर्ग नागरिकों को बड़ी सौगात मिली है। जिला अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री दिव्याशा- वयोश्री केंद्र का मंगलवार को शुभारंभ हो गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों तथा एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से पीलीभीत में देश का 109वां प्रधानमंत्री दिव्यांग केंद्र स्थापित किया गया है।

उन्होंने कहा कि वयोश्री योजना के अंतर्गत इस केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क सहायक उपकरण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनका जीवन अधिक सुगम और आत्मनिर्भर बनेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को केंद्र की नियमित मॉनिटरिंग, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा सहायक उपकरणों के वितरण में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और फीडबैक भी जाना।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। हाल ही में आयोजित दिव्यांग रोजगार मेले के माध्यम से 55 दिव्यांग युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार दिलाया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को 64 दिव्यांगजनों को मोटरयुक्त ट्राइसाइकिल वितरित की जा रही हैं। इसके अलावा लगभग 500 श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) भी उपलब्ध हैं, जिन्हें पात्र लाभार्थियों को वितरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पीटीए (Pure Tone Audiometry) जांच की सुविधा भी शुरू हो गई है। इससे अब श्रवण संबंधी जांच के लिए दिव्यांगजनों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान और भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और दिव्यांगजन हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार, सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्रा, सीएमएस डॉ. एस.पी. सिंह, एलिम्को के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!